सतपुली। सतपुली पौड़ी हाईवे पर गुलदार के शावक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। संभावना जताई जा रही कि शावक की मृत्यु किसी वाहन की चपेट में आकर हुई है। गुरुवार सुबह करीब सात बजे पाटीसैंण चौकी की पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग पर गश्त कर रही थी। पुलिस टीम को तछवाड़ पानी के निकट गुलदार के शावक का लहूलुहान हालात में शव पड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने इसकी सूचना राजस्व पुलिस व वन विभाग को दी। सूचना पर राजस्व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। शावक की उम्र करीब चार माह बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शावक की किसी वाहन की चपेट में आकर मृत्यु हुई है। बाद में मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।