जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बरसात में क्षतिग्रस्त हुए नेशनल हाईवे की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। एनएच प्रशासन ने कौड़िया चेक पोस्ट से सिद्धबली मंदिर तक शहर के भीतर करीब तीन किलोमीटर हिस्से में पैचवर्क कराया। सड़क के गड्ढे भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिली, लेकिन दिन के समय मरम्मत कार्य होने से हाईवे पर कई जगह जाम लग गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

बरसात के दौरान हाईवे का डामर उखड़ने से कौड़िया चेकपोस्ट, पनियाली पुल, गबर सिंह कैंप तिराहा, दीपक नर्सिंग होम, लालबत्ती चौराहा, झंडाचौक, मालवीय उद्यान, तहसील और बेस अस्पताल के आसपास सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए थे। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था। स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग उठा रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभागीय अधिकारियों को बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों को 15 अक्तूबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एनएच खंड लोनिवि धुमाकोट की ओर से हाईवे पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।