नलकूप ने बढ़ाई मुश्किल, पांच दिन से पानी के लिए भटक रहे लोग

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गर्मी बीत गई, मौसम में ठंडक भी बढ़ने लगी, लेकिन पदमपुर के लोगों की पानी की समस्या दूर नहीं हुई। यहां नलकूप की खराबी के चलते क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है। पांच दिन से परेशान लोग पानी की व्यवस्था करने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। जल संस्थान की ओर से टैंकर भेजकर आपूर्ति की जा रही है, लेकिन यह व्यवस्था भी लोगों की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रही है।


पदमपुर क्षेत्र में लगे नलकूप से सैकड़ों परिवारों को पानी मिलता है। नलकूप खराब होने से घरों में नियमित जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए पानी जुटाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे अधिक दिक्कत उन बुजुर्गों को हो रही है, जो घरों में अकेले रहते हैं और खुद पानी की व्यवस्था करने में असमर्थ हैं। स्थानीय निवासी दीपक बिंजोला, दुर्गेश मैंदोला और गोली बिष्ट का कहना है कि गर्मियों में नलकूप खराब होने पर विभाग अधिक लोड का हवाला देता था। अब मौसम बदल चुका है और पानी की खपत भी पहले के मुकाबले कम है, फिर भी नलकूप की समस्या बनी हुई है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, गर्मियों में भी नलकूप की मोटर खराब हो गई थी। आरोप है कि विभाग ने नई मोटर लगाने के बजाय पुरानी मोटर की मरम्मत कर उसे दोबारा फिट कर दिया। करीब दो महीने बाद मोटर फिर खराब हो गई, जिससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों का कहना है कि यदि उस समय मोटर को बदल दिया जाता तो शायद उन्हें दोबारा इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। पेयजल संकट की शिकायत मिलने के बाद जल संस्थान प्रभावित क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचा रहा है। इसके बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान से नलकूप की खराबी दूर कर नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्थायी व्यवस्था के बजाय समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार पानी के संकट से न जूझना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *