हर घर तक पहुंचे सरकार की योजनाएं : बांसुरी स्वराज

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी ने संगठनात्मक बैठक में पार्टी को मजबूत करने पर दिया जोर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी एवं लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि देश व प्रदेश के विकास के लिए भाजपा सरकार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। हर घर तक योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को गंभीरता से कार्य करना होगा।


सोमवार को कोटद्वार पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बांसुरी स्वराज का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने तीलू रौतेली चौक स्थित वीरांगना तीलू रौतेली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत एंबियंस गार्डन में आयोजित भाजपा की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में उन्होंने प्रतिभाग किया। बैठक को संबोधित करते हुए बांसुरी स्वराज ने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवाओं को अवसर, किसानों के हितों की रक्षा, आधारभूत ढांचे का विस्तार और राष्ट्रीय सुरक्षा केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने अपनी मां एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज का स्मरण करते हुए कहा कि उनका उत्तराखंड से विशेष लगाव था। वह देवभूमि को अपना दूसरा घर मानती थीं। बांसुरी स्वराज ने कहा कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के साथ विकास की व्यापक संभावनाएं जुड़ी हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से चारधाम यात्रा की सुविधाओं, सड़क एवं रेल संपर्क, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास पर कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, जिला प्रभारी रमेश मैखुरी, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, विजया बड़थ्वाल, विश्वजीत नेगी, अनुकृति रावत, ऋषि कंडवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *