जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की लगातार अपील कर रही है, लेकिन इसके बावजूद भी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे है। जिले की पुलिस ने अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने पर आठ वाहनों को सीज किया है।

जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने पर कोटद्वार पुलिस ने छ: और यातायात पुलिस कोटद्वार ने दो वाहनों को सीज किया। साथ ही संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई। पुलिस ने रैश ड्राइविंग और निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने पर 17 चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 133 वाहन चालकों के चालान किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।