जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पर्यटन नगरी लैंसडौन में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

शोभायात्रा का शुभारंभ नगर के प्रसिद्ध गांधी चौक स्थित वाल्मीकि मंदिर से हुआ। इसके बाद शोभायात्रा माल रोड से होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी और पुन: वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान महर्षि वाल्मीकि के जीवन, आदर्शों और उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समरसता एवं सद्भाव के संदेश को याद किया गया। महर्षि वाल्मीकि ने अपनी महान रचना रामायण के माध्यम से भारतीय संस्कृति और समाज को अमूल्य धरोहर प्रदान की।