अतिक्रमण पर सख्ती बेअसर, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल

शहर में पटेल मार्ग, गंगादत्त जोशी मार्ग सहिति अन्य स्थानों पर बनी है समस्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए सरकारी सिस्टम की ओर से चलाए जा रहे अभियान का असर ज्यादा दिन तक नजर नहीं आ रहा है। नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सप्ताह पूर्व पटेल मार्ग और गंगादत्त जोशी मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की थी, लेकिन अभियान समाप्त होते ही फिर से सड़क पर दुकानें सज गई हैं। हालात यह हैं कि राहगीरों के लिए पैदल चलने तक की जगह नहीं बच रही है।

गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। त्योहार नजदीक आते ही व्यापारियों ने दुकानों का सामान सड़क तक फैलाना शुरू कर दिया है। पटेल मार्ग, स्टेशन मार्ग और गंगादत्त जोशी मार्ग पर स्थिति अधिक खराब बनी हुई है। दुकानों के बाहर सामान रखे जाने से सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में एक ओर जहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंगादत्त जोशी मार्ग पर स्थिति इतनी खराब है कि राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के बीच टकराव का खतरा बना रहता है। कुछ सप्ताह पूर्व इसी मार्ग पर पैदल जा रहे एक बच्चे के पैर पर मोटर साइकिल का अगला पहिया चढ़ गया था। शाम के समय बाजार में भीड़ बढ़ने के साथ ही समस्या और गंभीर हो जाती है। हैरानी की बात यह है कि दो दिन पूर्व नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने इन मार्गों पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया था। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने सड़क पर रखा सामान दुकानों के भीतर कर लिया, लेकिन टीम के लौटते ही फिर से सामान सड़क पर सजा दिया गया। इससे अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।

गोखले मार्ग की तर्ज पर हो कार्रवाई
शहर के गोखले मार्ग पर भी पहले अतिक्रमण की गंभीर समस्या थी। नगर निगम ने सख्ती दिखाते हुए सड़क के दोनों ओर सफेद पट्टी खींचकर दुकानदारों और फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए सीमा निर्धारित की। सफेद पट्टी से बाहर सामान रखने पर जब्ती की चेतावनी दी गई। इसके अलावा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए और पुलिस गश्त बढ़ाई गई। इसी तरह पटेल मार्ग, स्टेशन मार्ग, गंगादत्त जोशी मार्ग और देवी रोड पर भी व्यवस्था लागू की जाए तो अतिक्रमण पर अंकुश लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *