भाबर क्षेत्र के खोखे के ऊपर गिरा पेड़, एक की मौत, दूसरा घायल

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत जशोधरपुर औद्योगिक आस्थान में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कुकरेती स्टील प्लांट के बाहर चाय के खोखे पर एक विशालकाय पेड़ गिर गया। हादसे के दौरान दुकान के समीप खड़े दो लोग पेड़ की चपेट में आकर दब गए। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे की है। कुकरेती स्टील प्लांट के बाहर स्थित चाय का खोखा उस समय बंद था। इसी दौरान अचानक एक विशालकाय पेड़ खोखे के ऊपर गिर गया। दुकान के समीप खड़े दो व्यक्ति पेड़ की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हादसे में विक्रम (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, किशनपुर निवासी दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बेस चिकित्सालय पहुंचाया गया है। घायल के सिर पर चोट आई हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *