कोटद्वार की धनवर्षा स्टील फैक्ट्री की भट्ठी में जोरदार धमाका, आसपास के क्षेत्र में मची अफरा-तफरी

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार के जशोधरपुर औद्योगिक आस्थान स्थित धनवर्षा स्टील फैक्ट्री में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फैक्ट्री की भट्ठी में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोग भी सहम गए। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हलचल मच गई और आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।


जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में गुरुवार को ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान भट्ठी में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना फैलते ही फैक्ट्री परिसर में भी लोगों की आवाजाही और हलचल बढ़ गई। आसपास के लोगों ने भी फैक्ट्री की ओर रुख किया और घटना के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल धमाके के वास्तविक कारणों और फैक्ट्री में हुए नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस घटना ने फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *