जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगा है। सुबह-शाम ठंड और दोपहर में गर्मी के कारण छोटे बच्चे मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इन दिनों पांच वर्ष तक की उम्र के बच्चों में हैंड, फुट एंड माउथ डिजीज (एचएफएमडी) के मामले सामने आ रहे हैं। संक्रमण से प्रभावित पांच से सात बच्चे प्रतिदिन उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है। दिन और रात के तापमान में अंतर होने से बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। अस्पताल पहुंच रहे बच्चों में हैंड, फुट एंड माउथ डिजीज के लक्षण देखने को मिल रहे हैं। इस बीमारी में बच्चों के हाथों, पैरों के तलवों और मुंह व होंठों के आसपास लाल रंग के दाने और छाले पड़ जाते हैं। इसके साथ ही बच्चों को बुखार आने, भूख कम लगने और शारीरिक परेशानी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। बीमारी के कारण छोटे बच्चों को खाने-पीने में भी दिक्कत होती है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र कुमार के अनुसार, हैंड, फुट एंड माउथ डिजीज एक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मुख्य रूप से छोटे बच्चों को प्रभावित करती है। संक्रमित बच्चे के संपर्क में आने से दूसरे बच्चों में भी संक्रमण फैल सकता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की साफ-सफाई और खानपान का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चों को नियमित रूप से हाथ धुलवाएं, साफ-सफाई रखें और संक्रमित बच्चों को अन्य बच्चों के संपर्क में आने से बचाएं। यदि बच्चे में बुखार, मुंह में छाले या हाथ-पैरों में दाने जैसे लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न बरतें और चिकित्सक से परामर्श लें। मौसम में बदलाव के बीच बच्चों में बढ़ रहे संक्रमण के मामलों को देखते हुए अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
बचाव के लिए इन बातों का रखें ध्यान
– बच्चों को खाना खाने और शौचालय जाने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धुलवाएं।
– बच्चों के खिलौने, बोतल, बर्तन और इस्तेमाल की अन्य वस्तुओं को नियमित रूप से साफ करें।
– संक्रमित बच्चे को दूसरे बच्चों के निकट संपर्क में आने से बचाएं।
– बच्चों को एक-दूसरे का तौलिया, रुमाल, पानी की बोतल और खाने के बर्तन इस्तेमाल न करने दें।
– बच्चों के नाखून छोटे रखें और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान दें।
– बच्चे को पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ दें। मुंह में छाले होने पर नरम और आसानी से निगले जाने वाले खाद्य पदार्थ दें।
– बच्चे में बुखार, हाथ-पैरों पर दाने या मुंह में छाले दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
– बिना चिकित्सकीय सलाह के बच्चों को एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं न दें।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज :
यदि बच्चा पानी पीने में असमर्थ हो, पेशाब कम आने लगे, अत्यधिक सुस्त हो या तेज बुखार बना रहे तो तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।