महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग गुर्जर बस्ती में वसुंधरा संस्था की ओर से मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखने, सुरक्षित सैनिटरी उत्पादों का इस्तेमाल करने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की जानकारी दी गई।


गोष्ठी में संस्था की अध्यक्ष प्रियंका नेगी ने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है, लेकिन जागरूकता और सही जानकारी के अभाव में आज भी कई महिलाएं और किशोरियां इससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के साथ सामाजिक झिझक का सामना करती हैं। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और संकोच को दूर करना जरूरी है, ताकि महिलाएं बिना किसी झिझक के अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर बात कर सकें। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना, साफ और सुरक्षित सैनिटरी उत्पादों का उपयोग करना तथा समय-समय पर उन्हें बदलना बेहद जरूरी है। साथ ही इस्तेमाल किए गए सैनिटरी उत्पादों का सुरक्षित निस्तारण भी करना चाहिए। इस दौरान संक्रमण से बचाव और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। संस्था की ओर से गुर्जर बस्ती की महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति आगे भी जागरूक करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पाठ्य सामग्री भी वितरित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *