श्रीनगर गढ़वाल : रोडवेज डिपो श्रीनगर के स्थापना दिवस पर प्रगतिशील जनमंच ने गुरूवार को कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस दौरान डिपो की वर्कशॉप का शीघ्र निर्माण, संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने, रिक्त पदों पर नियुक्तियां और बसों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई गई।

मंच अध्यक्ष अनिल स्वामी ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। अनिल स्वामी ने कहा कि पिछले दस वर्षों से संविदा कर्मचारियों के प्रयासों से ही डिपो का संचालन हो रहा है। वहीं, वर्कशॉप निर्माण की मांग वर्ष 2007 से लंबित है। उन्होंने कहा कि वर्कशॉप स्थल के आसपास आईटीआई के निकट एनआईटी और संग्रहालय जैसी परियोजनाएं विकसित हो गईं, लेकिन रोडवेज वर्कशॉप का निर्माण अब तक नहीं हो पाया। पूर्व पालिका अध्यक्ष कृष्णानंद मैठाणी ने बताया कि वर्ष 2006 में तत्कालीन परिवहन मंत्री से डिपो की मांग की गई थी। इसके बाद संचालन शुरू हुआ, लेकिन करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। भूपेंद्र पुंडीर ने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम का यह पहला डिपो था और पहाड़ के लोगों के लिए रोडवेज आज भी सस्ता व भरोसेमंद परिवहन साधन है। बिना वर्कशॉप डिपो का सुचारू संचालन संभव नहीं है। कार्यक्रम में अवकाश प्राप्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहन सिंह कुंवर, रेशमा पंवार, बृजेश भट्ट, धनेश उनियाल, गिन्नी सेमवाल, प्रो. एसएस रावत, अंजना भट्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे। (एजेंसी)