जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : त्योहारी सीजन को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने सभी पुलिस अफसरों व कर्मचारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही त्योहारों के बीच जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए शरारती तत्वों पर नजर रखने को कहा।

एसएसपी ने वीसी के माध्यम से अफसरों की बैठक लेकर उन्हें बाजार क्षेत्रों में गश्त और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्रों में विशेष सतर्कता व पुलिस व्यवस्था बनाए रखने को कहा। साथ ही बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पिकेट ड्यूटी, नियमित पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा। एसएसपी ने दिवाली पर्व में अराजक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्कता बढ़ाने के भी निर्देश दिए। कहा कि त्योहारी सीजन में पुलिस दिन और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए।