ग्रीन दीपावली का संदेश दे रहा एमकेवीएन स्कूल, उत्तराखंडी परिधान में रैंप वॉक ने मोहा मन

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दीपावली के पर्व पर एमकेवीएन इंटरनेशनल स्कूल, देवी रोड के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों का संदेश देते हुए अनूठी पहल की। विद्यालय में आयोजित दीपावली उत्सव के दौरान बच्चों ने ‘एक मुट्ठी दान, किसी की मुस्कान’ अभियान चलाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।


अभियान के तहत विद्यार्थियों ने अपनी पॉकेट मनी और घरों से स्वेच्छा से खाद्य सामग्री, अनाज, वस्त्र एवं मिठाइयां एकत्रित कीं। इसके बाद देवी मंदिर परिसर सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को सामग्री वितरित की। बच्चों ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने में है। विद्यालय की प्रधानाचार्य ज्योति कुलश्रेष्ठ, स्कूल कोऑर्डिनेटर रचना एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की स्थानीय लोगों ने सराहना की। कोऑर्डिनेटर रचना ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में दया, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। दीपावली उत्सव के तहत विद्यालय में रंगोली, दीप सजावट, क्राफ्ट और क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। वहीं उत्तराखंडी पारंपरिक परिधान में विद्यार्थियों की रैंप वॉक कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इसके साथ ही ग्रीन दीपावली जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय ने बच्चों को संस्कृति, संस्कार, सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *