जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के सिमलचौड़ स्थित नैन पवीसा कॉलोनी में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जेवरात पर हाथ साफ कर लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नैन पवीसा कॉलोनी निवासी तपस्या रावत पत्नी देवेंद्र रावत ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनके पति सेना में कार्यरत हैं और पांच नवंबर को छुट्टी पर घर आए थे। घटना की रात परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। पति-पत्नी ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे, जबकि उनकी मां निचली मंजिल पर सो रही थीं। बताया कि रात करीब सवा दो बजे उनकी मां की नींद खुली तो वह वॉशरूम जाने के लिए नीचे पहुंचीं। इस दौरान उन्हें मुख्य दरवाजे की जाली कटी हुई मिली। अंदर जाकर देखा तो दूसरे कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी की जानकारी हुई। पीड़िता ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।