कंडीसौड़(टिहरी)। थौलधार ब्लॉक के गुसाईं पट्टी में रैदोणी-बागी सड़क खस्ताहाल बन गई है। लोनिवि ने 12 साल से रोड की कोई सुध नहीं ली है जिससे क्षेत्र के लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का सुधारीकरण और डामरीकरण करने के लिए कई बार प्रस्ताव दे चुके हैं लेकिन विभाग सुनने को तैयार नहीं है।रैदोणी-बागी छह किमी मोटर मार्ग वर्ष 2013-14 में बनाया गया था। उसके बाद से कोई इस रोड की सुध नहीं ले रहा है जिससे सड़क इतनी खस्ताहाल हो गई है कि वाहन हिचकोले खाकर चल रहे हैं। स्थिति यह है, कि 12 सौ की आबादी को जोड़ने वाली इस सड़क पर इतने गड्ढे और जगह-जगह दीवार टूटने से खस्ताहाल इस सड़क पर चलने के लिए कई टैक्सी चालक कतराते हैं।जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल, प्रधान उर्मिला चौहान और क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि सड़क सुधारीकरण की मांग को लेकर कई बार आंदोलन करने पर आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिल पाया है। बीडीसी बैठक में भी इस बदहाल सड़क का मुद्दा कई बार उठा चुके हैं फिर भी विभाग सुनने को तैयार नहीं है।विभागीय उपेक्षा के कारण बदहाल बनी सड़क पर सफर करते समय दुर्घटना का भय बना रहता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के काश्तकार नकदी फसल ज्यादा उगाते हैं, जिससे हर दिन मार्ग पर आवागमन लगा रहता है लेकिन सड़क की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण लोग जोखिम उठाकर सफर करने को मजबूर हैं।