शार्ट सर्किट से घर में लगी आग, तरवाजा तोड़ मां, बेटी को बचाया

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कण्वघाटी के किशनपुरी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग के कारण कमरे में धुआं भरने से सो रही मां-बेटी बेहोश हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए बेस अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर है।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कण्वघाटी निवासी नीता डबराल (64) अपनी बेटी मिताली (26) के साथ कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान अचानक कमरे में आग लग गई। नींद खुलने पर मां-बेटी ने खुद को धुएं से भरे कमरे में पाया। देखते ही देखते कमरे में काला धुआं भर गया और दोनों बाहर नहीं निकल पाईं। कमरे से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो मां-बेटी फर्श पर बेसुध पड़ी थीं। टीम ने दोनों को बाहर निकालकर तत्काल बेस अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई। फिलहाल दोनों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। वहीं, अग्निशमन विभाग की टीम ने मकान में लगी आग पर काबू पाया और जले हुए सामान को बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *