जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : देवी रोड स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को वार्षिक खेल सप्ताह का शुभारंभ हुआ। पहले दिन आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुसूया वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने गुब्बारों के गुच्छे आकाश में छोड़कर खेल सप्ताह का विधिवत उद्घाटन किया। गत वर्ष के विजेता सुभाष हाउस के एथलीट नितिन पटवाल ने मशाल लेकर क्रीड़ा मैदान की परिक्रमा की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। खेल सप्ताह के पहले दिन प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के बीच जलेबी रेस, गुब्बारा दौड़, फ्रॉग रेस, बोरी दौड़, स्पून रेस, बाधा दौड़, रिले रेस, बिस्कुट रेस और चेयर रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस मौके पर शिक्षक रोशन नेगी, व्यायाम शिक्षक पूनम बहुखंडी, संतोष पंत, बृजेंद्र नेगी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।