श्रीनगर गढ़वाल : राजकीय संयुक्त उप जिला चिकित्सालय में मरीजों को जल्द ही पंजीकरण और विभिन्न जांचों का शुल्क ऑनलाइन जमा करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए अस्पताल परिसर में बारकोड लगाए जाएंगे।

मरीज मोबाइल से बारकोड स्कैन कर ओपीडी पंजीकरण, जांच और अन्य निर्धारित सरकारी शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। अभी तक अस्पताल में पंजीकरण और अन्य शुल्क नकद जमा करने की व्यवस्था है। ऐसे में कई बार खुले पैसे नहीं होने पर मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ती है। उप जिला चिकित्सालय के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रचित गर्ग ने बताया कि ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था को लेकर उच्चाधिकारियों से वार्ता हो चुकी है। जल्द ही अस्पताल परिसर में बारकोड लगाए जाएंगे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होते ही यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी। (एजेंसी)