पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय की ओर से 22 नवंबर से राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान 28 नवंबर तक संचालित होगा। इसके तहत पहले दिन विभिन्न स्थानों पर बूथ लगाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि इसके बाद स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगे।

बेस चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने बताया कि अभियान की तैयारियों को लेकर 18 नवंबर को उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं, 21 नवंबर को बूथ कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी दिन शहर में अभियान को लेकर प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को शहर के विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण बूथ बनाए जाएंगे। यहां शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 28 नवंबर तक बूथ कर्मी घर-घर जाकर अभियान चलाएंगे और बूथ पर दवा पीने से छूट गए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करेंगे। प्रमुख अधीक्षक ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।