अंडर-17 बालिका हॉकी में पौड़ी की टीम बनी उपविजेता

फाइनल में हरिद्वार हॉस्टल से 2-1 से मिली हार, प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बनाई पहचान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : टनकपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-17 बालिका हॉकी प्रतियोगिता में पौड़ी जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पौड़ी की टीम को हरिद्वार हॉस्टल के हाथों 2-1 से हार का सामना करना पड़ा।


चंपावत जिले के टनकपुर स्थित स्पोट्र्स स्टेडियम में 14 से 16 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया। टीम प्रभारी अनीता बिष्ट और हेड कोच नरेश देवरानी ने बताया कि पौड़ी की टीम ने प्रतियोगिता में शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उद्घाटन मुकाबले में पौड़ी ने चंपावत को 5-0 से हराया। इसके बाद दूसरे मैच में नैनीताल को 4-1 से पराजित किया। क्वार्टर फाइनल में पौड़ी की टीम ने एकतरफा मुकाबले में ऊधमसिंह नगर को 6-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं सेमीफाइनल में देहरादून की टीम को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में पौड़ी और हरिद्वार हॉस्टल की टीम आमने-सामने थीं। रोमांचक मुकाबले में हरिद्वार हॉस्टल ने पौड़ी को 2-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। पौड़ी की टीम को उपविजेता ट्राफी से संतोष करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *