गढ़वाल विश्वविद्यालय में उत्साह पूर्वक मनाया गया प्राकृतिक चिकित्सा दिवस
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विभाग द्वारा बुधवार को प्राकृतिक चिकित्सा दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। इस वर्ष दिवस की थीम “प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत” रखी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही समाज को स्वस्थ एवं प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह के संरक्षण एवं शिक्षा संकाय की अधिष्ठाता प्रो. सुनीता गोडियाल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एम्स ऋषिकेश के आयुष विभाग में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की मेडिकल ऑफिसर डॉ. श्वेता मिश्रा, ऋषिकेश गवर्नमेंट आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज से डॉ. मुदित थपलियाल उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न आयामों, योग, संतुलित आहार एवं स्वस्थ दिनचर्या के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्राकृतिक जीवन शैली को अपनाकर व्यक्ति अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. अनुजा रावत ने प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर विचार रखे। कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ. घनश्याम सिंह ठाकुर एवं डॉ. चिंताहरण बेताल रहे। आयोजन सचिव के रूप में डॉ. रजनी नौटियाल, डॉ. किरण वर्मा एवं डॉ. विनोद नौटियाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा, योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करते हुए प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया गया।