मशरूम की खेती से खुलेंगे स्वरोजगार और सतत आजीविका के नए द्वार

एचएनबी गढ़वाल विविद्यालय में पांच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग में सोमवार को पांच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण के दौरान ऑयस्टर, मिल्की, पिंक ऑयस्टर, शिटाके, किंग ऑयस्टर, स्ट्रॉ एवं गुच्छी मशरूम की उत्पादन तकनीकों के साथ प्रसंस्करण, सुखाने, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में मशरूम आधारित उत्पादों के माध्यम से उद्यमिता विकास और स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


कार्यक्रम के संयोजक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. राजेन्द्र सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि मशरूम की खेती पर्वतीय क्षेत्रों में आजीविका के नए आयाम विकसित करने की अपार संभावनाएं रखती है। उन्होंने ग्रामीण युवाओं को मशरूम आधारित उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रीय जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप गुच्छी (मोरेल) मशरूम की खेती की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि नवीन पटवाल ने अपने उद्यमशीलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी मशरूम उत्पादन यात्रा वर्ष 2007 में रुड़की से शुरू हुई थी। वर्ष 2012 में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 2016 तक लगभग चार एकड़ भूमि में अपने कार्य का विस्तार किया। उन्होंने कहा कि मशरूम व्यवसाय में सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण स्पॉन, वैज्ञानिक उत्पादन पद्धतियों, उचित पैकेजिंग, वितरण और प्रभावी विपणन का विशेष महत्व है। वरिष्ठ प्रो. नारायण सिंह पंवार ने मशरूम के संरक्षण, भंडारण एवं परिवहन में प्रसंस्करण तकनीकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने मशरूम के मूल्य संवर्धन और बाजार में बेहतर संभावनाएं विकसित करने के लिए सुखाने एवं वैक्यूम ड्राइंग जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. यादव प्रसाद रैवनी, प्रो. एच. बी. एस. चौहान, निदेशक बिड़ला परिसर प्रो. अजित नेगी, प्रो. डी. एस. चौहान, प्रो. वी. पी. चमोला, प्रो. वी. के.पुरोहित, डा. डी. के. राणा, डॉ. नाशिर शाह, डॉ. विवेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *