जयहरीखाल महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में मंगलवार को दो दिवसीय ‘वार्षिक क्रीड़ा समारोह 2026-27’ का उत्साह पूर्वक शुभारंभ हुआ। बैडमिंटन छात्र वर्ग में आयुष नेगी और छात्रा वर्ग में किरण नेगी विजेता रही।

समारोह का उद्घाटन प्रभारी प्राचार्य डॉ. फकीर सिंह नेगी द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि खेलों में नियमित भागीदारी से छात्रों का शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास होता है, जिससे उनका सर्वांगीण व्यक्तित्व बनता है। कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्रीड़ा प्रभारी अजय रावत के संयोजन में आयोजित इस समारोह के प्रथम दिन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इस मौके पर आयोजित बैडमिंटन छात्र वर्ग में आयुष नेगी विजेता, सचिन ध्यानी उपविजेता, छात्रा वर्ग में किरण नेगी विजेता, कुमकुम रावत उपविजेता, टेबिल टेनिस छात्र वर्ग में आयुष नेगी विजेता, सचिन ध्यानी उपविजेता, छात्रा वर्ग में कुमकुम रावत विजेता, किरण नेगी उपविजेता रहे। बैडमिंटन प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. दीपक दुर्गापाल, डॉ. देवकी नन्दन, विमल रावत और टेबल टेनिस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. अभिषेक कुकरेती, डॉ. शुऐब अजीम अंसारी शामिल रहे। क्रीड़ा प्रभारी अजय रावत ने बताया कि बुधवार को दौड़, भाला फेंक, गोला फेंक, चक्का फेंक, ऊंची कूद, लंबी कूद आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेगी।