चोरी की घटना का पुलिस ने किया खुलासा

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पर्यटन नगरी लैंसडौन में ज्वैलरी की दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में 16 वर्षीय विधि विवादित किशोर को जयहरीखाल रोड स्थित नागेश्वर मंदिर के पास से संरक्षण में लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए।


दुकान स्वामी रितिक शाह की शिकायत पर कोतवाली लैंसडौन में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। बरामद आभूषणों में सात नेकलेस, दो रानीहार, दो नथ, एक बुलाक और एक लॉकेट शामिल हैं। विधि विवादित किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस त्वरित कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक हरीश चंद्र, एहसान अली सहित कोतवाली पुलिस एवं सीआईयू की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *