जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र में गुलदार की लगातार बढ़ रही चहलकदमी से लोगों में दहशत बनी हुई है। आबादी क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता और बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता के बीच वन विभाग भी हरकत में आया है। गुरुवार को वन विभाग के अधिकारियों ने झंडीचौड़ क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से गुलदार की आवाजाही के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही जल्द क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने का आश्वासन दिया।

पिछले एक सप्ताह से झंडीचौड़ क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। दो दिन पूर्व झंडीचौड़ उत्तरी में इंटर कालेज के समीप गुलदार दीवार पर बैठा दिखाई दिया था। स्कूल के आसपास गुलदार की मौजूदगी से शिक्षक और विद्यार्थी सहमे हुए हैं। वहीं, आसपास की आबादी में भी भय का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम ढलते ही गुलदार आबादी के बीच पहुंच रहा है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गुलदार की लगातार आवाजाही से परेशान स्थानीय लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण को समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए जंगल से सटे आबादी क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई गई है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने की कार्रवाई भी जल्द की जाएगी।