गढ़वाल राइफल्स के खिलाड़ियों ने बढ़ाया उत्तराखंड का गौरव

पुणे में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पर्यटन नगरी लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के खिलाड़ियों ने 30वीं इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन नॉर्थ जोन स्पोट्र्स क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। 16 से 18 नवंबर तक नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग, उत्तरकाशी में आयोजित इस प्रतियोगिता में सेंटर के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।


प्रतियोगिता में उत्तराखंड सहित जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और लद्दाख के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। स्पीड क्लाइम्बिंग, लीड क्लाइम्बिंग और बोल्डरिंग की तीन प्रमुख स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्पीड क्लाइम्बिंग में सोनम पटवाल ने स्वर्ण, निकी रावत ने रजत और रानी पटवाल ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं लीड क्लाइम्बिंग में निकी पटवाल ने रजत तथा सोनम पटवाल ने कांस्य पदक जीता। बोल्डरिंग स्पर्धा में भी निकी रावत ने रजत पदक अपने नाम किया। गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पिछले एक वर्ष से तारकेश्वर और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय युवाओं को नि:शुल्क पेशेवर माउंटेनियरिंग एवं स्पोट्र्स क्लाइम्बिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि इसी प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत का परिणाम मानी जा रही है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का चयन 27 नवंबर 2026 को पुणे में आयोजित होने वाली नेशनल स्पोट्र्स क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके अनुशासन, कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *