जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पर्यटन विभाग के 19 छात्र-छात्राओं का प्रतिष्ठित पर्यटन एवं ट्रैवल कंपनी सीता वल्र्ड टै्रवल एसोसिएशन में फाइनल चयन साक्षात्कार के लिए चयन हुआ है। इन विद्यार्थियों का फाइनल साक्षात्कार 21 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।

साक्षात्कार के लिए रवाना होने से पूर्व आज सभी चयनित छात्र-छात्राएं पर्यटन विभाग के निदेशक प्रो. राकेश कुमार ढोडी एवं डॉ. अनुराग के साथ विश्वविद्यालय के कुलपति से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने उनके कार्यालय पहुंचे। इस अवसर पर कुलपति ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए साक्षात्कार की तैयारी एवं उसकी विभिन्न बारीकियों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि साक्षात्कार के दौरान आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण, प्रभावशाली संवाद कौशल, विषय का व्यावहारिक ज्ञान एवं व्यक्तित्व की प्रस्तुति किस प्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्यटन विभाग के निदेशक प्रो. राकेश कुमार ढोडी ने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ उद्योग जगत से जोड़ने एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रतिष्ठित पर्यटन कंपनियों में विद्यार्थियों की सहभागिता विभाग के लिए गौरव का विषय है।