जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन ने दो सूत्रीय मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। बुधवार को विभिन्न कार्यालयों में तैनात पीआरडी स्वयं सेवकों ने सरकारी कार्यों से दूरी बनाए रखी। पीआरडी कर्मियों ने सभी कार्यालयों में तैनात पीआरडी को आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

समान कार्य समान वेतन और 365 दिन के रोजगार की मांग के लिए प्रदेश संगठन के आह्वान पर जिला मुख्यालय के पीआरडी जवानों ने कार्यालयों में सरकारी कामकाज से दूरी बनाए रखी और विकास भवन परिसर में जमा हुए। उन्होंने जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल कार्यालय गेट पर सांकेतिक धरना दिया। विभिन्न विभागों में कनिष्ठ सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, कार्यालय सहायक के पदों पर तैनात स्वयं सेवकों ने जल्द दो सूत्रीय मांगों को पूरी करने की मांग की। पीआरडी कर्मियों ने कहा कि वह काफी समय से दो सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिस कारण मजबूरी में उन्हें कार्य बहिष्कार करना पड़ रहा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम भारती, सुरज सिंह, अंकित मुंडेपी आदि शामिल रहे।