पार्षद सौरभ नौडियाल ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, प्लाटों को चिह्नित कर सफाई करवाने की मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र में खाली पड़े प्लाटों में उगी झाड़ियों अब लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनती जा रही हैं। जंगल से सटे आबादी क्षेत्रों में जंगली जानवरों की लगातार आवाजाही के बीच ये झाड़ियां उनके छिपने का ठिकाना बन रही हैं। ऐसे में आबादी के बीच वन्यजीवों की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। इस समस्या को लेकर पार्षद सौरभ नौडियाल ने नगर निगम प्रशासन से खाली प्लाटों की सफाई करवाने की मांग उठाई है।

इस संबंध में नगर आयुक्त पीएल शाह को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में खाली पड़े प्लाटों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की जाए। साथ ही संबंधित भू-स्वामियों को प्लाटों में उगी झाड़ियों की सफाई करवाने के लिए नोटिस जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि भू-स्वामी स्वयं झाड़ियों की कटाई करवाने में असमर्थ हैं तो नगर निगम उनकी सफाई की व्यवस्था करे और इस पर आने वाला खर्च संबंधित भू-स्वामी से वसूल किया जाए। सौरभ नौडियाल ने कहा कि वर्तमान में नगर निगम क्षेत्र के जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में वन्यजीव आबादी में पहुंचकर खाली प्लाटों में उगी झाड़ियों में छिप रहे हैं। इससे स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से जनहित को देखते हुए खाली प्लाटों की सफाई के लिए जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।