गुलदार की धमक, दहशत में वार्डवासी

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जंगल से सटे आबादी क्षेत्रों में अब दिन का उजाला भी लोगों को सुरक्षा का भरोसा नहीं दे पा रहा है। घरों के आसपास गुलदार की चहलकदमी और उसकी दहाड़ ने लोगों के भीतर खौफ पैदा कर दिया है। भाबर क्षेत्र के पदमपुर मोटाढांक में स्थिति यह है कि स्थानीय निवासियों के मुताबिक, तीन से चार गुलदार क्षेत्र में लगातार घूम रहे हैं। कभी घरों के आंगन के नजदीक तो कभी बगीचों में उनकी मौजूदगी दिखाई दे रही है। गुलदार की बढ़ती सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लोग शाम होने का इंतजार किए बिना ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी परिजन कतरा रहे हैं।


नगर निगम के वार्ड संख्या 31 का एक हिस्सा बिजनौर वन प्रभाग के जंगल से सटा हुआ है। यही वजह है कि क्षेत्र में हाथियों और गुलदार की आवाजाही बनी रहती है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से गुलदार की सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वार्डवासियों का कहना है कि दिन-दहाड़े गुलदार बगीचों और आबादी से लगे जंगल में घूमते नजर आ रहे हैं। कई बार उनकी दहाड़ भी सुनाई देती है। गुलदार पालतू पशुओं को भी निवाला बना रहे हैं। ऐसे में लोगों को बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से गुलदार की सक्रियता पर अंकुश लगाने और नियमित गश्त की मांग की है। शिकायत के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *