जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी के दिशा-निर्देशन में राजकीय पॉलिटेक्निक सतपुली में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिविल जज सतपुली एवं कोटद्वार श्रीमती सोनिया ने छात्राओं को बाल अपराध, बाल विवाह तथा पॉक्सो एक्ट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर सिविल जज सोनिया ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई होने के साथ ही कानून का उल्लंघन भी है। यह बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और विकास में बड़ी बाधा बनता है तथा उनके सपनों को साकार होने से रोकता है। उन्होंने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इसके खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। शिविर के दौरान सभी छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई। छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे अपने परिवार, पड़ोस और समुदाय में किसी भी बालिका का बाल विवाह नहीं होने देंगी। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर पंचायत एवं संबंधित सरकारी विभागों को सूचित करेंगी तथा सभी बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करते हुए बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करेंगी। इस मौके पर सतपुली थाने में तैनात उपनिरीक्षक दिनेश कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, एमवी एक्ट, यातायात नियमों तथा अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। शिविर का संचालन पीएलवी सतपुली पुष्पेंद्र राणा ने किया। इस मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्य किरन, किरण असवाल, प्रभारी प्रधानाचार्य आकाशदीप कुकरेती, सहायक लेखाकार नितिन चंद्र, पुस्तकालय अध्यक्ष गौरव सेमवाल, व्याख्याता (यांत्रिकी) विनीत त्यागी आदि मौजूद थे।