12 दिसंबर को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में आगामी 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय, पौड़ी गढ़वाल सहित जनपद के समस्त बाह्य न्यायालयों में किया जाएगा।


राष्ट्रीय लोक अदालत में फौजदारी के शमनीय वाद, धन वसूली एवं पैसे के लेन-देन से संबंधित मामले, श्रम एवं नियोजन विवाद, वैवाहिक विवाद, किरायेदारी, व्यादेश एवं विनिर्दिष्ट अनुपालन से संबंधित दीवानी वाद, चेक अनादरण (धारा 138, परक्राम्य लिखत अधिनियम), मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, विद्युत एवं जल बिल विवाद, भूमि अधिग्रहण वाद, राजस्व वाद, उपभोक्ता आयोग में लंबित वाद तथा बैंकों के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिकाधिक वादों के निस्तारण के उद्देश्य से शुक्रवार को माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल धर्म सिंह की अध्यक्षता में बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं अधिवक्ताओं के साथ प्री-लोक अदालत बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों के निस्तारण हेतु संबंधित पक्षों के मध्य आपसी समन्वय स्थापित करने, मामलों में सुलह-समझौते की संभावनाओं को बढ़ाने तथा राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक वादों के निस्तारण हेतु आवश्यक विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आमजन से राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने सुलह योग्य मामलों का निस्तारण आपसी सहमति से कराकर शीघ्र, सुलभ एवं कम खर्चीला न्याय प्राप्त करने का लाभ उठाने की अपील की। बैठक में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल के रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत सहित विभिन्न बीमा कंपनियों के अधिवक्ता एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *