सड़क हादसा: 300 फीट गहरी खाई में गिरी इको वैन, 8 की मौत, 5 घायल

रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप हुआ हादसा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास सवारियों से भरी इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं। सभी महिलाएं भंगलवाड़ गांव की रहने वाली थीं और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं।


शनिवार को महिलाएं सिद्धखाल बाजार में स्वयं सहायता समूह की बैठक और जरूरी काम के लिए गई थीं। काम निपटाने के बाद सभी इको वैन से अपने गांव भंगलवाड़ लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वैन गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस, राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीएम लैंसडौन शालिनी मौर्य और एएसपी मनोज ठाकुर ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की मदद से खाई में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। चार घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल शकुंतला देवी समेत एक अन्य घायल को एयर लिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

हादसे में इन आठ लोगों की हुई मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
– अनिल देबराड़ा (48), पुत्र जयानंद, वाहन चालक।
– कांती देवी (45), पत्नी दिनेश चंद्र।
– रेखा देवी (42), पत्नी प्रेम सिंह।
– सुमित्रा देवी (50), पत्नी रमेश सिंह।
– सुनीता देवी (45), पत्नी मदन सिंह।
– धनेश्वरी देवी (46), पत्नी किशन चंद्र।
– सरोजनी देवी (38), पत्नी मोहन सिंह।
– रजनी देवी (25)।

हादसे में पांच लोग घायल
इस दर्दनाक हादसे में भंगलवाड़ गांव के पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह (36), उनकी पत्नी सत्यवती देवी (36) और 11 वर्षीय बेटी तनिशा के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक साथ आठ लोगों की मौत से भंगलवाड़ गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *