सड़क हादसे पर पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया दु:ख

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दु:ख जताया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।


प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। इस दु:खद घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को हादसे में घायल लोगों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने और उनके इलाज में किसी तरह की लापरवाही न बरतने को कहा है।

स्वयं सहायता समूह की बैठक से लौट रही थीं महिलाएं
गौरतलब है कि शनिवार को रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी थी। हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत कुल 13 लोग सवार थे। दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
हादसे का शिकार हुई सातों महिलाएं भंगलवाड़ गांव की रहने वाली थीं और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। सभी महिलाएं सिद्धखाल बाजार में समूह की बैठक और अन्य जरूरी काम निपटाकर इको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद पुलिस, राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *