नशे के दुष्प्रभाव बताकर विद्यार्थियों को किया जागरूक

निबंध में अस्मिता नेगी और पोस्टर प्रतियोगिता में निशा ने हासिल किया प्रथम स्थान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मे छात्र-छात्राओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।


विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं एनएसएस के गढ़वाल मंडल कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देता है। इसका दुष्प्रभाव केवल सेवन करने वाले व्यक्ति पर ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, पड़ोस और पूरे समाज पर भी पड़ता है। विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता प्रमोद कुमार रमोला ने कहा कि शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने का प्रावधान भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर आयोजित सीनियर वर्ग की ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ निबंध प्रतियोगिता में अस्मिता नेगी ने प्रथम, श्वेता ने द्वितीय और स्वाति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, जूनियर वर्ग की पोस्टर प्रतियोगिता में निशा ने प्रथम, सत्यम ने द्वितीय और श्रुति ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक प्रमोद कुमार रमोला, दिनेश सिंह बिष्ट, नीरज कुमार रमोला, प्रकाश कैंथोला और प्रमोद रावत उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *