डबल इंजन की सरकार विकास के प्रति संकल्पबद्ध : महाराज

महाराज ने किया 762.18 लाख की सड़कों का लोकार्पण-शिलान्यास
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शनिवार को विकासखण्ड एकेश्वर के ग्राम गोर्ली के निकट धामलू स्थित शिव मंदिर परिसर में 762.18 लाख की धनराशि की सड़कों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।


कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने एकेश्वर ब्लॉक के अन्तर्गत 66.90 लाख की धनराशि से निर्मित डीब बैण्ड से किमोली मोटर मार्ग के डामरीकरण और 189.70 लाख की लागत से निर्मित पाटीसैंण तछवाड़ मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य का लोकार्पण करने के साथ-साथ 505.58 लाख रुपए की धनराशि से बनने वाली भंडारी गांव-मोन्दाडी-पर्याण मोटर मार्ग का भी शिलान्यास किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि देश एवं प्रदेश का विकास केवल भाजपा सरकारें ही कर सकती हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड पर्यटन, तीर्थाटन, योग सहित अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। सड़कों की कनेक्टिविटी, रोप-वे परियोजनाओं और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन ने आज प्रदेश को विश्व स्तरीय डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित कर दिया है। डबल इंजन की सरकार विकास के प्रति संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी दर्शन दानू, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य शुयश रावत, एकेश्वर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, सर्वेन्द्र कुमार, शैलेन्द्र दर्शन, ओमपाल बिष्ट, सतराज नेगी, बृजमोहन रावत, नरेन्द्र डंडरियाल, सीमा सजवाण, गणेश नेगी, प्रभुशरण बुडाकोटी, राकेश गौड़, देवेन्द्र भट्ट, नीलम रावत आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *