सीखने के प्रतिफल ही शिक्षण का है आधार : दीपक लखेड़ा

जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : परख के अंतर्गत विकासखंड एकेश्वर के शिक्षक-शिक्षिकाओ का सेमिनार खंड शिक्षा अधिकारी गुंजन अमरोही व उपशिक्षा अधिकारी दीपक लखेड़ा के मार्गदर्शन में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नौगांवखाल में सम्पन्न हुआ। इस मौके पर चयनित शिक्षकों ने भाषा, गणित, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान विषयों की दक्षताओं को चिन्हित करते हुए अपने प्रस्तुतीकरण में कक्षा-कक्षीय अनुभव को प्रमाण के साथ प्रस्तुत किया।


खंड शिक्षा अधिकारी गुंजन अमरोही ने सभी शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए कमजोर छात्रों को उपचारात्मक शिक्षण देकर उनके कक्षा की दक्षताओं को प्राप्त करने पर जोर दिया। उप शिक्षा अधिकारी दीपक लखेड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत अब केवल पाठ्यक्रम पूर्ण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक बच्चे में निर्धारित कक्षा अनुसार दक्षता प्राप्त करना आवश्यक है। उन्होंने सीखने के प्रतिफल को ही शिक्षण का आधार बताया। नोडल अधिकारी संजीव थपलियाल ने कहा कि परख परीक्षा का भय नहीं है, बल्कि बच्चे की सीखने की जांच का सरल माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों से परख में राज्य स्तर तक सर्वोत्तम प्रदर्शन करने को प्रेरित किया। सेमिनार के संयोजक यतेंद्र मोहन धस्माना ने बताया कि सेमिनार में शिक्षकों द्वारा कक्षा स्तरीय दक्षताओं की प्राप्ति हेतु गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में सीखना, समूह कार्य, प्रश्न पूछने की स्वतंत्रता, टीएलएम का प्रयोग, स्थानीय परिवेश से जोड़कर पढ़ाना, प्रत्येक बच्चे की भागीदारी सुनिश्चित करना जैसे बिंदुओं को साझा किया गया। इस अवसर पर मनोज गुसांईं, दीपिका रावत, अरविन्द सिंह, कंचनबाला, पूजा, शिल्पी, शुभम डिमरी, नीरज रावत, संतोष मैठाणी, शैलेन्द्र भंडारी समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *