भाजपाइयों से मिशन-2022 के लिए जुटने की अपील
हल्द्वानी। गन्ना विकास, चीनी मिल, भाषा और पुनर्गठन राज्यमंत्री यतीश्वरानंद और मंत्री गणेश जोशी और खटीमा विधायक पुष्कर धामी ने रामनगर पहुंच कर कार्यकर्ताओं से मिशन-2022 के लिए जुटने को कहा। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में बुधवार देर रात भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओ से बैठक कर आने वाले विधानसभा चुनाव पर चर्चा की। इसके बाद वे सरकारी अस्पताल गये, जहां डॉक्टरों से सही से काम करने और कमियां दूर करने को कहा है। कहा कि भाजपा सरकार विकास की ओर अग्रसर है। 2022 चुनाव में भाजपा राज्य में दोबारा सत्ता में आएंगी। विधायक प्रतिनिधि गणेश रावत ने रामनगर गन्ना किसानों के डीएसएम शुगर मिल द्वारा बकाया भुगतान पर कार्यवाही की मांग कर हस्तक्षेप का अनुरोध किया। उनसे रामनगर में चीनी, खांडसारी पर आधारित उद्योग स्थापित करने और स्टीविया पर आधारित चीनी उत्पाद (शुगर फ्री) उत्पादन के लिए उद्योग स्थापित करने की मांग की। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी को पूर्व सैनिक, उत्थान समिति अध्यक्ष कुलवंत सिंह और सचिव भुवन डंगवाल ने ज्ञापन देकर पूर्व सैनिकों की समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने शीघ्र समाधान की बात कही। यहां भाजपा नगर अध्यक्ष भावना भट्ट, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र रावत, विधायक प्रतिनिधि गणेश रावत, अशोक गुप्ता, पूरन नैनवाल, मनोज रावत, अजय पाल, सार्थक अग्रवाल, राहुल रावत आदि रहे।