13 अक्तूबर को किच्छा में सीएम करेंगे जनसभा को संबोधित
रुद्रपुर। आगामी 13 अक्तूबर यानि कल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के किच्छा आगमन की तैयारियां शुरू हो गयी है। मुख्यमंत्री किच्छा के इंदिरा गांधी खेल मैदान में विधायक राजेश शुक्ला के जन्मदिन कार्यक्रम में भाग लेने के साथ ही विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते इंदिरा गांधी खेल मैदान में मंच एवं टैंट लगना शुरू हो गया है। मैदान में पोस्टर, बैनर एवं फ्लेक्सी लगाने का कार्य शुरू हो गया है। सोमवार को विधायक शुक्ला ने उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी ओपी शर्मा एवं कोतवाल चंद्रमोहन के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। विधायक शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इंदिरा गांधी खेल मैदान में ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं अन्य नेताओं को सुनने के लिए विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। इसकी सभी तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। वह खेल मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित भी करेंगे। शुक्ला ने बताया कि पुष्कर सिंह धामी के साथ केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट, उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत, प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के अलावा कई विधायक एवं वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।