भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा शहर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री बालाजी मंदिर में आयोजित वार्षिक महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को नगर क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक धार्मिक झांकियों और श्री बालाजी के भव्य रथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा नगर जय श्री राम और बालाजी महाराज के जयकारों से गूंज उठा।
श्री बालाजी मंदिर समिति के तत्वावधान में निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ बदरीनाथ मार्ग स्थित टाटा कमर्शियल मोटर्स के समीप से हुआ। शोभायात्रा में श्री बालाजी का सुसज्जित रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके साथ ही श्रीराम दरबार, पंचमुखी हनुमान, तिरुपति बालाजी सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मनोहारी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होकर भगवान के दर्शन करते रहे और अपने परिवार, समाज तथा देश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी और शर्बत की व्यवस्था भी की गई। शोभायात्रा बदरीनाथ मार्ग, झंडाचौक, स्टेशन रोड, नजीबाबाद रोड और पटेल मार्ग से होते हुए पुन: श्री बालाजी मंदिर पहुंची। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत 10 जून को भगवान श्री बालाजी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा शाम को भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। 11 जून को पूर्णाहुति एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ वार्षिक महोत्सव का समापन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *