जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर कोटद्वार-दुगड्डा व नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग की खराब स्थिति को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर दोनों मार्गों पर शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है।
पत्र में नेगी ने कहा कि नजीबाबाद-कोटद्वार के मध्य 24 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य वर्तमान में जारी है, लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण स्थानीय लोगों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान उड़ रही धूल और वर्षा के समय बनने वाले कीचड़ से दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य लगभग 15 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग भी अत्यंत जर्जर स्थिति में है। मार्ग के कई हिस्सों में पहाड़ी से बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है, जबकि कुछ स्थानों पर सड़क का हिस्सा खोह की ओर खिसकता दिखाई दे रहा है। इससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पूर्व में कई हादसे होने के बावजूद संबंधित विभाग और सरकारी तंत्र इस गंभीर समस्या के प्रति अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण और मरम्मत कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा कर संबंधित एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि कोटद्वार उत्तराखंड का प्रमुख प्रवेश द्वार है और इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति में तत्काल सुधार किया जाना आवश्यक है।