डॉ. सुंदर लाल जोशी की पुस्तक का विमोचन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुंदर लाल जोशी की नवीन पुस्तक “सांगठनिक शक्ति समर्थक स्व. चक्रधर शर्मा कमलेश” का समारोह पूर्वक विमोचन किया गया। इस अवसर पर साहित्य, समाज सेवा और मानवीय मूल्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने पुस्तक को स्व. चक्रधर शर्मा कमलेश के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित एक महत्वपूर्ण कृति बताया।
साहित्यिक संस्था ‘साहित्यांचल’ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुशील कुमार त्यागी ‘अमित’ उपस्थित रहे। उनके साथ राज्य सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, डॉ. दिनेश बलूनी, डॉ. वेद प्रकाश माहेश्वरी, शिवप्रकाश कुकरेती और शशिभूषण अमोली ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साहित्यांचल के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी ने डॉ. सुंदर लाल जोशी के साहित्यिक और सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. जोशी ने अपनी दिवंगत पुत्री स्व. आकांक्षा जोशी के अंगदान के माध्यम से समाज के सामने मानवीय संवेदनाओं का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जिससे कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिला। साहित्यांचल के संस्थापक एवं संरक्षक डॉ. नंदकिशोर ढौंढियाल ने कहा कि पुस्तक में स्व. चक्रधर शर्मा कमलेश के व्यक्तित्व, विचारों और सामाजिक योगदान को प्रभावशाली एवं तथ्यपरक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने इसे स्व. कमलेश के प्रति एक सार्थक श्रद्धांजलि बताया। इस अवसर पर प्रकाश कोठारी, मयंक कोठारी, गणेश केष्टवाल, रिद्धि भट्ट, कैलाश कुकरेती, कमला जोशी, सतीश चंद्र कंडवाल, राजाराम थपलियाल सहित अनेक साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *