अतिक्रमण के खिलाफ सिस्टम की कार्रवाई रेहड़ी-ठेली वालों का सामान जब्त

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में सड़कों और सरकारी भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की। मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के दौरान सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी प्रतिष्ठानों को हटाया गया। कई रेहड़ी-ठेली संचालकों का सामान जब्त किया गया।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम गठित की गई थी। मंगलवार को चलाए गए अभियान के तहत बदरीनाथ मार्ग सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाया गया। टाटा कमर्शियल परिसर के समीप सड़क किनारे नारियल पानी बेच रहे व्यापारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा बुद्धा पार्क से सिद्धबली मंदिर तक सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी प्रतिष्ठानों का सामान जब्त किया गया। संयुक्त टीम ने स्टेशन से गोविंद नगर जाने वाले मार्ग पर भी अभियान चलाकर रेहड़ी-ठेली संचालकों को हटाया और अतिक्रमण सामग्री कब्जे में ली। अधिकारियों ने व्यापारियों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी देते हुए सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की। वहीं, कार्रवाई से प्रभावित व्यापारियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन केवल रेहड़ी-फड़ वालों पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि सरकारी भूमि पर किए गए स्थायी अतिक्रमणों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। उनका आरोप है कि शहर के कई हिस्सों में स्थायी निर्माण वर्षों से सरकारी भूमि पर बने हुए हैं, लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं की जाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *