Uncategorized

एक मजबूत यूसीसी कानून बनाया जाएगा : धामी

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

मुख्यमंत्री ने किया पौड़ी में 800 करोड़ की 353 विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण
रांसी स्टेडियम में शहीद जसवंत सिंह रावत की मूर्ति का किया अनावरण
कण्डोलिया में जनरल बिपिन रावत पार्क का किया लोकार्पण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी में शनिवार को 800 करोड़ लागत की 353 विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इसमें 134.61 करोड़ की 196 योजनाओं का लोकार्पण तथा 666.13 करोड़ की 157 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। सीएम ने कहा कि इन योजनाओं से पौड़ी गढ़वाल का और तेजी से विकास होगा। सीएम ने यहां आयोजित दिशा ध्याणी ब्वै ब्वारी कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाएगी। कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में विकास के लिए कृतसंकल्प है और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रदेश में काम हो रहा है। मातृशक्ति के विकास के बिना राष्ट्र का विकास संभव नहीं है।
कंडोलिया मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार समान नागरिकता संहिता कानून को कैबिनेट में लाने के बाद जल्द ही विधेयक के तौर पर लाएगी और एक मजबूत यूसीसी कानून बनाया जाएगा। कहा कि प्रदेश सरकार ने नकल विरोधी कानून से लेकर धर्मान्तरण कानून आदि मजबूत काम किए। इसके साथ ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया और अतिक्रमण को लेकर भी कड़ी कार्रवाई की। प्रदेश में पहली बार जनता ने दुबारा सरकार को चुना और आगे भी चुनेगी। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 33 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते खोले और अब हर तरह की सब्सिडी सीधे खाते में ही मिल पा रही है। पहले ऐसा नहीं था ये पैसा बिचौलिए के हाथों में चला जाता था। कहा कि कुटीर उद्योगों में महिलाओं की भूमिका अतुलनीय है। प्रदेश सरकार ने भी इस दिशा में काम किया। आंगनबाड़ी, वीर चंद्र सिंह गढ़वाल पर्यटन योजना सहित अन्य योजनाओं को गिनवाते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने पौड़ी जिले में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वतों की संख्या भी गिनवाई। साथ ही पौड़ी में योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास को लेकर सीएम ने कहा कि इनसे पौड़ी में विकास का नया युग शुरू होगा। उन्होंने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली से लेकर तीलू रौतेली और महावीर चक्र बाबा जसवंत सिंह सहित पहले सीडीएस दिवंगत जनरल बिपिन रावत आदि का नाम लेते हए कहा कि पौड़ी कई विभूतियों की जन्म भूमि है। कंडोलिया मैदान में उमड़ी अपार मातृशक्ति को लेकर सीएम ने कहा कि महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का काम करने के साथ ही और के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने का काम कर रही है। स्थानीय उत्पादों के स्टॉल इस बात का द्योतक है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ने का काम कर रहे हैं। ये लोकल फॉर वोकल की दिशा में आगे बढ़ने के संकेत है। इस मौके पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजेन्द्र अंथवाल, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे, महानिरीक्षक गढ़वाल के.एस. नगन्याल, जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पाण्डे, प्रभारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, पूर्व विधायक मुकेश कोहली, निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम सहित बड़ी संख्या में आम जनमानस उपस्थित थे।


सीएम ने पारंपरिक तरीके से कूटा अनाज
पौड़ी : शनिवार को पौड़ी के कंडोलिया मैदान पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन मातृशक्ति पर केंद्रित रहा। उन्होंने शुरूआत में ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं की सभी को शपथ दिलाई। साथ ही कंडोलिया मैदान में महिलाओं के स्थानीय उत्पादों की अपने संबोधन में कई बार तारीफ की और इसे ग्रामीण आर्थिकी की मजबूती बताया। यहां प्रदर्शन में आयोजित जदंरा को भी उन्होंने महिलाओं के साथ चलाया, जबकि पारंपारिक तरीके से अनाज को भी कूटा। इस बारे में सीएम ने महिलाओं से जानकारी भी ली।


मुख्यमंत्री के रोड शो में उमड़ा लोगों का हुजुम
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : शनिवार को पौड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रांसी मैदान में बाबा जसवंत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। रांसी मैदान को पहले ही महावीर चक्र विजेता जसंवत सिंह के नाम पर किए जाने की घोषणा हो गई थी। सीएम ने यहां उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया। इसके बाद सीएम ने रोड शो में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री का रोड शो रांसी मैदान से ही शुरू हुआ। करीब डेढ़ किलोमीटर तक रांसी मार्ग के दोनों ओर सीएम पर लोगों ने पुष्प वर्षा की। इस दौरान सीएम ने भी लोगों पर खूब फूल बरसाएं और लोगों का अभिवादन किया। सीएम के आगमन को लेकर जिले भर से लोगों का हुजुम उमड़ा था। पौड़ी में पहली बार इतना बड़ा जनसमूह देखने को मिला। श्रीनगर, कोटद्वार के साथ ही लोग कल्जीखाल, बीरोंखाल, रिखणीखाल, थलीसैंण, दुगड्डा, धुमाकोट, पोखड़ा व एकेश्वर आदि स्थानों से पौड़ी पहुंचे थे। इसमें महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रही। वहीं इसके साथ ही पूर्व सैनिक संगठन, प्रधान संगठन, विभिन्न ग्राम सभाओं से जनप्रतिनिधि और ब्लाकों के पदाधिकारियों के साथ ही बीजेपी के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां पहुंचे थे। सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन बीते कई दिनों से तैयारियों में जुटा रहा। सीएम को रांसी मैदान से ही एक खुले वाहन में बिठाया गया। उनके साथ पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और पौड़ी के विधायक राजकुमा पोरी भी रहे। इस दौरान पुलिस ने चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्थाएं की हुई थी।


भारत रत्न मिलने पर पूर्व उप प्रधानमंत्री को दी बधाई
पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कार सिंह धामी ने वरिष्ठ नेता लाकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलने पर भी मंच से ही सबको बधाइयां दी। वहीं शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने भी पूर्व उप प्रधानमंत्री आडवाणी को भारत रत्न मिलने पर बधाई दी। अपने संबोधन में डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अभी तक जिन भी जिलों में कार्यक्रम हुए हैं उनमें सबसे अधिक लोग पौड़ी आए हैं। उन्होंने रांसी मैदान में महावीर चक्र विजेता जसवंत सिंह, जनरल विपिन रावत की मूर्ति अनावरण करने और सौ फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण करने पर सीएम का आभार जताया। कहा कि यूसीसी का ड्राफ्ट सौंपा गया है उसे आज ही कैबिनेट में लाया जाएगा। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पूरे 500 सालों बाद अयोध्या में राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हुई। एक लंबे संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!