आमजन स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं

Spread the love

स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत पूर्वी नायर नदी में चलाया स्वच्छता अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी की उपस्थिति में पूर्वी नायर नदी क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नदी क्षेत्र की साफ-सफाई करते हुए उपस्थित लोगों को नदी एवं पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान तभी सफल हो सकता है जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता के प्रति ईमानदारी से अपनी जिम्मेवारी निभाएं। न तो खुद गंदगी फैलाएं और न ही किसी अन्य व्यक्ति को गंदगी फैलाने दें।


अभियान के दौरान आमजन से अपील की गई कि प्लास्टिक एवं अन्य कूड़ा-कचरा नदी, गदेरे अथवा जल स्रोतों में न डालें तथा नदी-गदेरों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने में सक्रिय सहयोग करें। वक्ताओं ने कहा कि नदियां जीवनदायिनी हैं और इनके प्रदूषित होने का सीधा प्रभाव पर्यावरण, स्वच्छता एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है। उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने आमजन से स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नदी एवं प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन का आधार है। गंदगी के कारण अनेक प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ता है, जबकि स्वच्छ वातावरण लोगों को स्वस्थ और सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर नगर पंचायत थलीसैंण के अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सत्येंद्र सेमवाल, पर्यावरण संरक्षक ललित ममगांई, डिग्री कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष मानसी, डिग्री कॉलेज के नमामि गंगे संयोजक बच्चन सिंह भंडारी, सामाजिक कार्यकर्ता आशाराम पोखरियाल, विद्या मंदिर के शिक्षक एवं स्थानीय नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *