आमपड़ाव-इंद्रानगर मार्ग की बदहाली से लोग परेशान

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आमपड़ाव आर्मी कैंटीन के समीप रहने वाले लोगों ने आमपड़ाव-इंद्रानगर मार्ग की मरम्मत कराने और इंटरलाकिंग टाइल लगाने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की बार-बार मरम्मत होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। हल्की वर्षा होते ही मार्ग पर पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।


इस संबंध में नितिन अग्रवाल ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण को ज्ञापन सौंपकर मार्ग की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आमपड़ाव-इंद्रानगर मोहल्ले में सैकड़ों परिवार रहते हैं। इसके बावजूद मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मार्ग की हर बार मरम्मत कराई जाती है, लेकिन कुछ समय बाद ही इसकी स्थिति फिर खराब हो जाती है। हल्की वर्षा होने पर सड़क पर पानी जमा हो जाता है। वहीं, जगह-जगह खराब मार्ग के कारण दोपहिया वाहन चालकों के रपटने का खतरा भी बना रहता है। नितिन अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से मार्ग पर इंटरलाकिंग टाइल लगाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से जनहित में समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन की समस्या से निजात मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *