दशहरा मेले के बाद ओमकारेश्वर रामलीला समिति ने चलाया स्वच्छता अभियान

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कण्वाश्रम में दशहरा मेले के आयोजन के बाद ओमकारेश्वर रामलीला समिति की ओर से मेला मैदान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। समिति के सदस्यों ने मैदान में जगह-जगह फैले कूड़े को एकत्रित कर निस्तारण किया। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील की।


समिति के सदस्यों ने बताया कि एक दिन पूर्व मैदान में दशहरा मेले का आयोजन किया गया था, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। मेले के बाद मैदान में जगह-जगह गंदगी बिखरी हुई थी। इसे देखते हुए समिति ने मैदान को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से अभियान चलाने का निर्णय लिया। अभियान के दौरान सदस्यों ने मैदान में फैले कूड़े को एकत्रित कर साफ-सफाई की। साथ ही आसपास के लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और कूड़ेदान का उपयोग करने की अपील की। समिति सदस्यों ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के बाद स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों में भाग लेने वाले लोगों को भी अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस मौके पर वीरेंद्र रावत, राजेंद्र पंत, प्रणय डबराल, मनोज नेगी, आशीष कुकरेती, मनीष शर्मा, सुशांत रावत और सौरभ रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *