मां-बाप की डांट से नाराज होकर जम्मू पहुंची युवती

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकली युवती जम्मू पहुंच गई। परिजनों की शिकायत पर कोटद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया।


कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने 18 अक्टूबर को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी 17 अक्टूबर को सुबह करीब नौ बजे कपड़े खरीदने के लिए बाजार गई थी। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। युवती की सहेलियों और रिश्तेदारों से पूछताछ करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से बेटी को तलाशने की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवती के जम्मू पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद कोटद्वार पुलिस ने जीआरपी जम्मू-कश्मीर से संपर्क स्थापित किया और स्थानीय पुलिस की मदद से युवती को जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से चली गई थी। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती की सकुशल बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *