ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाया खेल कौशल
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड कल्जीखाल में प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय शरद एवं शीतकालीन खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न संकुलों से चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। 50, 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़ के साथ खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिताएं हुईं। बालिका वर्ग की खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं। खेलों से मानसिक और शारीरिक विकास होता है। शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भाग जरूर लेना चाहिए। आज खेल क्षेत्र में भी रोजगार के सुनहरे अवसर हैं। सब जूनियर वर्ग की दौड़ प्रतियोगिताओं में आयुष, आकाश, अर्चना, पूर्वी और मनीषा ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में आरूषी, 100 मीटर में सिमरन, 200 मीटर में आरूषी और 400 मीटर में प्रियांशी विजेता रहीं। बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में ईशांत, 100 मीटर में नयन कुमार और 400 मीटर में रोहित ने बाजी मारी। ब्लॉक प्रमुख ने विजेता खिलाड़ियों को जनपदीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय पटवाल, बीडीओ चंद्र प्रकाश बलूनी, खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी, खेल समन्वयक शैलेंद्र रौथाण मौजूद रहे।